कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर के पास स्थित फार्म हाउस के पास मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार कैंटर ने कार में टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार महिला की मौत हो गई, दो लोग घायल हो गए।
महिला अपने पुत्र से मिलकर गाजियाबाद से बदायूं जा रही थी। दुर्घटना के बाद एनएच-24 पर तकरीबन आधा घंटे तक यातायात अवरुद्ध रहा। गाजियाबाद के इंदिरापुरम मोहल्ला निवासी तुषार रस्तोगी के पिता बदायूं जिले के सिविल लाइन निवासी अनिल कुमार रस्तोगी मां व पत्नी के साथ बदायूं से यहां बेटे से मिलने आए थे।
मंगलवार की सुबह अनिल कुमार रस्तोगी पत्नी रेखा रस्तोगी (56) और मां शकुंतला के साथ कार से बदायूं वापस जा रहे थे। निजामपुर क्षेत्र में वाटिका फार्म हाउस के पास पहुंचते ही पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे कैंटर ने कार में टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में कार सवार महिलाओं सहित तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने पहुंचकर घायलों को कार से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों ने सरस्वती मेडिकल कालेज में भर्ती कराया,
जहां चिकित्सकों ने रेखा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, एसएचओ वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि मृत महिला के पुत्र तुषार की तहरीर पर अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।