मकान मालिक के पुत्र पर दुष्कर्म का आरोप
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला निवासी मानसिक रूप से कमजोर एक किशोरी के परिजनों ने मकान मालिक के पुत्र पर दुष्कर्म का आरोप लगाकर कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर युवती को मेडिकल के लिए भेज दिया है। जबकि घटना स्थल पर भी फॉरेंसिक टीम को भी भेजा गया है।
पीड़िता का पिता नगर के एक मोहल्ले में लगभग तीन माह से किराए के मकान में रहता है। वह दिल्ली में इलेक्ट्रानिक्स का कार्य करता है, जबकि उसकी पत्नी भी नगर के एक मोहल्ले में काम करती है। मंगलवार को उनकी बड़ी पुत्री अपने भाई के साथ सरकारी दुकान से राशन लेने गई थी। घर पर उसकी नाबालिग और मानसिक रूप से कमजोर पुत्री अकेली थी। आरोप है कि मकान मालिक का नाबालिग पुत्र कमरे में घुस आया और उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया, जिसमें किशोरी लहूलुहान हो गई। इसके बाद आरोपी किशोरी को दर्द से कराहता हुआ छोड़कर मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी देता हुआ वह भाग गया। कुछ देर बाद घर पहुंची पीड़िता की बड़ी बहन के फर्श पर खून और पीड़िता की हालत देखकर होश उड़ गए।
इसके बाद परिजन पीड़िता को लेकर कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। आरोपी युवक भी नाबालिग बताया जा रहा है। इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि नाबालिग पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। इसके अलावा मौके पर फॉरेंसिक टीम से जांच कराई गई है। जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।