दबंगों ने घर में घुसकर दिव्यांग से की मारपीट
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत फ्रीगंज रोड स्थित मोहल्ला निराशर सेवा समिति निवासी एक दिव्यांग के साथ मंगलवार सुबह पड़ोस के ही कुछ दबंगों ने घर में घुसकर मारपीट कर दी। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
मंगलवार की सुबह फ्रीगंज रोड स्थित मोहल्ला निराशर सेवा समिति निवासी दिव्यांग राजू अपने रिक्शे में बैठकर घर से किसी काम के लिए निकला था। कुछ दूर पहुंचने पर उसका रिक्शा पड़ोस में रहने वाली एक महिला से टकरा गई। इस पर महिला आगबबूला होकर उसके साथ अभद्रता करने लगी। विवाद होता देख एकत्र हुई भीड़ ने मामले को शांत कर दोनों को घर भेज दिया। महिला ने घर पहुंचकर मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। इस पर महिला का पुत्र कुछ अन्य लोगों को लेकर दिव्यांग के घर पहुंचा और गाली-गलौच करने लगा। विरोध करने पर उक्त लोग दिव्यांग के घर में घुस गए और मारपीट कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी भाग गए।
पीड़ित ने कोतवाली पहुंच मामले की शिकायत पुलिस से कर तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी पंकज लवानिया ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।