हापुड़। गर्मी के प्रकोप के साथ अब आंधी भी मुसीबत बनती जा रही है। अगले कुछ दिनों में मौसम में बदलाव को देखते हुए शासन ने जिले में आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया है। तेज हवा चलने के दौरान कोई मानवीय व संपत्ति क्षति न पहुंचे, इसके लिए सभी एसडीएम, ईओ व अधिशासी अभियंताओं को पत्र भेजकर निर्देश जारी किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी ने जिले में एक पत्र भेजा है। जिसमें कहा गया है कि पृथ्वी की सतह और वायुमंडल के असमान हीटिंग के कारण वायुमंडलीय टर्बुलेंस (विक्षोभ) कहीं भी हो सकता है। मार्च से जून तक ग्रीष्म ऋतु में प्री-मानसून अवधि, मौसम में टर्बुलेंस के लिए जानी जाती है। अनियमित मौसम के कारण इस तरह का विक्षोभ तेज हवा की घातक स्थिति उत्पन्न कर सकता है, जो जीवन व संपत्ति के लिए खतरनाक है। इसलिए जनपद में सभी लगे सभी होर्डिंग, बिलबोर्ड आदि जैसी संरचनाओं पर तेज हवाओं का प्रभाव आमजन, यातायात और संपत्ति के लिए खतरा उत्पन्न कर सकता है। इसे देखते हुए भारतीय संरचनात्मक डिजाइन मानकों, नीतियों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए विज्ञापन होर्डिंग, बिलबोर्ड आदि जैसी संरचनाओं को तेज हवा, भूकंप, आधार, मिट्टी की वहन क्षमता आदि के अनुसार डिजाइन किया जाना चाहिए। एडीएम संदीप कुमार ने बताया कि इस दिशा में सभी अधिकारियों को उचित कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। कहीं कोई खामी है तो उसे तुरंत दुरुस्त किया जाएगा। जिससे कि कोई दुर्घटना या संपत्ति हानि न हो।