हमीरपुर/भरुआसुमेरपुर/राठ। जुमे की नमाज पर जिला प्रशासन सतर्क रहा। मस्जिदों की ड्रोन से निगरानी की गई। इस दौरान आसपास भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रहा। मुस्लिम भाइयों ने देश के अमन चैन की दुआएं मांगी।
मौदहा संवाद के अनुसार कस्बे में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए मंडल आयुक्त व आईजी से लेकर जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक सहित सभी अधिकारियों की नजरें लगी रही। सुरक्षा व्यवस्था में दो जोनल व 25 सेक्टर मजिस्ट्रेट के अलावा 200 से अधिक पुलिसकर्मी, एक प्लाटून पीएसी व एक दर्जन से अधिक इंस्पेक्टर प्रभारी लगातार भ्रमण पर रहे। पूरे दिन जिलाधिकारी डा.चंद्रभूषण व पुलिस अधीक्षक शुभम पटेल सहित अन्य अधिकारी कस्बे में पेट्रोलिंग करते रहे। मस्जिदों के सामने बड़ी संख्या में पीएसी व पुलिस कल से ही तैनात रही। जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई।