राठ। सरसई मौजा में खेतों में काम कर रही महिला को सांप ने डस लिया। अस्पताल ले जाते महिला की मौत हो गई। वहीं चिकासी थाने के बंगरा गांव में सांप के डसने से एक छात्र की मौत हो गई। पठानपुरा, जलालपुर रोड निवासी राजाराम ने बताया सरसई मौजा में उनकी कृषि भूमि है। बुधवार सुबह करीब दस बजे उनकी बहू कृष्णा (36) परिजनों के साथ मूंग की फसल काट रहीं थीं।
तभी उन्हें सांप ने डस लिया। परिजन उन्हें सीएचसी ले जा रहे थे, मगर रास्ते में उसकी मौत हो गई। कृष्णा के नाम पर डेढ़ बीघा कृषि भूमि है। उनकी मौत से मासूम बच्चों अंशुल, अंकुश व दिव्यांशी बेसुध हैं। वहीं चिकासी के बंगरा गांव निवासी संदीप कुमार ने बताया उनके बड़े भाई प्रदीप कुमार (20) पुत्र प्रवेश राजपूत झांसी में डीफार्मा की पढ़ाई करते थे। रक्षाबंधन पर घर आए थे। रात में सोते वक्त प्रदीप को सांप ने डस लिया। उपचार के लिए पनवाड़ी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी मौत हो गई। (संवाद)