कुरारा (हमीरपुर)। अपहृत युवक का शव यमुना में मिला है। परिजनों ने मारपीट कर घायल करने व बनियान से गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस अधीक्षक कमलेश दीक्षित ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी।
भौली निवासी 24 वर्षीय प्रदीप उर्फ ज्वालादीन 29 मार्च को रात आठ बजे अपनी बकरी ढूंढने गांव निवासी मित्र मुनेश व छुट्टन के साथ यमुना किनारे गांव के मजरा पटिया गया था। बकरी मिलने के बाद उसने दोस्तों से बकरी घर ले जाने को कहा और खुद कहीं चला गया। तब से लापता चल रहा था। 30 मार्च को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शुक्रवार को मृतक के भाई कामता की तहरीर पर थाना कुरारा में अपहरण की रिपोर्ट उसके दोस्त मुनेश व छुट्टन निवासी भौली के खिलाफ दर्ज की गई थी। शनिवार को प्रदीप का शव गांव स्थित पंप कैनाल के नीचे यमुना में मिला। कामता यादव ने कहा कि उसके छोटे भाई प्रदीप का बनियान से गला घोटा गया है। नाक, हाथ में चोट व चार दांत टूटे थे। आंखें बाहर निकल आईं थी। शव पूरी तरह फूलने से दुर्गंध उठ रही थी। पिता की मौत हो चुकी है। तीन भाइयों में यह दूसरे नंबर का था। अभी शादी नहीं हुई है। गांव में खेती बाड़ी करता था। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
29 मार्च को बकरियां खोने पर ढूंढने उनका भाई रात 8 बजे घर से निकला था। घर नहीं आने पर उसे फोन लगाया तो उसने कहा कि वापस आ रहा है। बात करते समय कुछ लोगों की आवाजें सुनाई दे रहीं थीं। भाई की आवाज लड़खड़ा रही थी। घटना वाले दिन वह मामा की लड़की की शादी के निमंत्रण पत्र बंटवाने गया था। घर में यही लोग थे। पुलिस ने अपहरण में नामजद एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
सीओ सदर विवेक यादव, थाना प्रभारी दिनेश सिंह व शहर कोतवाल भरत कुमार फोरेंसिक टीम व खोजी कुत्ता लेकर मौके पर पहुंचे। खोजी कुत्ते को कोई सुराग नहीं मिला। थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।
युवक के शव का दो चिकित्सकों डॉ. उमाकांत व डॉ. एके सिंह ने पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के दौरान वीडियोग्राफी भी कराई गई। रिपोर्ट में युवक के पानी में डूबने से मौत होना पाया गया है।