हमीरपुर। शहर में एक प्राइवेट कंपनी के एटीएम से तीन बार में जालसाजों ने साढ़े दस हजार रुपये निकाल लिए। जालसाजी करने वाले जालौन के दोनों युवकों को बुधवार पुलिस ने दबोचा लिया। एटीएम संचालक ने इस मामले में शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
कोतवाल मनोज कुमार शुक्ला ने बताया शहर के अमन शहीद मोहल्ला में प्राइवेट कंपनी टाटा इंडिकैश का एटीएम लगा है। इस एटीएम के संचालक शहर के पठकाना निवासी राघवेंद्र सक्सेना ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि तीन बार में जालसाजी कर साढ़े दस हजार रुपये निकाले हैं। बताया सीसीटीवी कैमरे चेक करने के साथ की गई जांच में जनपद जालौन के थाना कालपी के देवकली गांव निवासी विवेक राठौर व थाना कदौरा के कठपुरवा निवासी विशाल राठौर को गिरफ्तार किया है।
बताया दोनों ने विवेक के नाम से जारी कार्ड के जरिए पिछले चार सितंबर को चार हजार, पांच को ढाई हजार व 14 सितंबर को चार हजार रुपये निकाले। बताया जालसाज एटीएम में कार्ड डालने के बाद रुपये निकालने वाली प्लेट को ऊपर उठा देते थे। जिससे उनके एकाउंट से पैसे नहीं कटे और रुपये निकालने में सफल हो जाते थे। बताया बुधवार को देर शाम दोनों आरोपियों को धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया है।