सरीला (हमीरपुर)। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे में भूमि अधिग्रहण से मिले मुआवजे के 18 लाख रुपये जुआ और शराब में उड़ाने के बाद युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जरिया थाने के इटैलिया बाजा गांव निवासी करन सिंह राजपूत ने बताया कि बड़े बेटे राजेश सिंह (35) के नाम पर छह बीघा कृषि भूमि है। राजेश को जुआ शराब की लत थी। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे में तीन बीघा जमीन का अधिग्रहण होने पर 18 लाख रुपये खाते में आए थे। उक्त रुपये गंदी आदतों में गंवाने के बाद राजेश मानसिक रूप से परेशान रहता था। मंगलवार रात उन्होंने घर में साड़ी का फंदा बना फांसी लगा ली। बुधवार सुबह शव देख परिजनों में हड़कंप मच गया। मृतक के छोटे भाई दिनेश व मां पुष्पा चित्रकूट गए थे। जबकि पत्नी जयंती अपने रिश्तेदारों के साथ पंजाब में मजदूरी करती है। मृतक अपने पीछे पुत्र अभिषेक (6) व पुत्री आकांक्षा (8) को रोता बिलखता छोड़ गए हैं। जरिया एसओ रामआसरे सरोज ने कहा कि मृतक शराब का लती था। पिता की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।