परसपुर (गोंडा)। विधानसभा चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने को पुलिस व प्रशासन पूरी सख्ती के साथ जुटा है। इसके चलते ही अब तक 318 चिह्नित लोगों को जारी शस्त्र लाइसेंस जमा करवाने के साथ ही पुलिस ने अमन चैन में खलल पैदा करने में आशंकित 4133 लोगों के खिलाफ शांतिभंग के तहत कार्रवाई की है।
प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने साफ तौर पर चेताया है कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अराजकता का माहौल पैदा करने वालों से पूरी सख्ती से निपटा जाएगा। बताया कि थाना क्षेत्र स्तर पर जारी 514 शस्त्रों के सापेक्ष अब तक 318 लोगों के शस्त्र लाइसेंस अभी तक जमा कराए जा चुके हैं। चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था कायम बनाए रखने के लिए अभी तक 4133 लोगों के खिलाफ शांतिभंग के तहत 107/16 की कार्रवाई भी की गई है। इसके साथ ही 1081 लोगों को पाबंद किया जा चुका है। चुनाव के दौरान पुलिस अपराध व अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्य करेगी।