गोंडा। पैसों का लालच देकर गांव के एक व्यक्ति से मिलकर एडीओ पंचायत ने मुख्यमंत्री पशु शेड योजना के तहत जालसाजी से पैसों की निकासी कर ली। जब उस व्यक्ति को पता चला कि उसके नाम से इस योजना के तहत 86 हजार की निकासी हो चुकी है तो उसके पैर तले जमीन खिसक गई।
जब उसकी शिकायत उसने एडीओ पंचायत सुभाष पांडे से की तो उन्होंने मामले को बैठाने व रफा दफा करने की बात कही जिसको लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल सहित मुख्य विकास अधिकारी गोंडा से शिकायती पत्र के माध्यम से कार्यवाही की मांग की है।
विकासखंड कटरा क्षेत्र अंतर्गत शाहजोत अंचल पुरवा निवासी संतोष जायसवाल ने मुख्यमंत्री पोर्टल सहित मुख्य विकास अधिकारी शंशाक त्रिपाठी को शिकायती पत्र देकर एडीओ पंचायत सुभाष पांडे से मिलकर अपने ही गांव के सम्मयदीन पर जालसाजी कर 86 हजार की निकासी करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
संतोष का कहना है कि गांव के सम्मयदीन ने उसके पिता राम चन्द्र को मनरेगा में जांब दिलाने के बहाने आईडी, पासबुक, फोटो लेकर मुख्यमंत्री पशु शेड योजना के तहत आवेदन कर 86 हजार की निकासी कर ली है। जब वह इस योजना का लाभ लेने ब्लाक गया तो एडीओ पंचायत ने कहा कि उनके पिता की आईडी पर इस योजना के अंतर्गत लाभ लिया जा चुका है।
जब उसने छानबीन करना शुरू किया तो पता चला कि गांव के सम्मयदीन से मिलकर एडीओ सुभाष पांडे ने खेल कर दिया है। मामला जब तूल पकड़ने लगा तो मामले को शांत के लिए पैसे का भी ऑफर किया गया।
संतोष द्वारा लगातार उस योजना के तहत लिये गए लाभ को वापस करने या उसे बनवाने की बात कही। जब बात नहीं बनी तो संतोष ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल सहित मुख्य विकास अधिकारी गोंडा से करते हुए उसके साथ हुई जालसाजी के खिलाफ एडीओ पंचायत व सम्मयदीन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए इस योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी दिनकर विद्यार्थी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा हुआ है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।