जंगीपुर। नगर पंचायत क्षेत्र में अवैध होर्डिंग, पोस्टर, फ्लैक्स एवं साइन बोर्ड की भरमार है। प्रमुख मार्गों से लेकर संपर्क मार्गों, बिजली के खंभों एवं सरकारी भवनों पर वर्षों से होर्डिंग लगे हैं। हैरानी की बात यह है कि आज तक न तो टेंडर हुआ और न ही बोर्ड की बैठक में इसको लेकर कोई चर्चा की गई। ऐसे में मनमाने तरीके से जगह-जगह प्रचार-प्रसार संबंधित सामग्री लगाई गईं हैं।
प्रमुख मार्गों के किनारे अवैध तरीके से पोस्टर और रोड क्रॉस बैनर लगे हुए हैं। नगर क्षेत्र में इसकी संख्या सैकड़ों में है। वाल पेंटिंग सहित अन्य उपायों से विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और निजी चिकित्सालयों, राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग, बैनर, पोस्टर और साइन बोर्ड लगाए गए हैं। नगर पंचायत से अब तक न ही होर्डिंग लगाने के लिए स्थान चिह्नित किए गए, न ही टेंडर ही हो सका। मार्गों के बीचोबीच प्रचार सामग्री हादसे का सबब बन चले हैं। अवैध होर्डिंग और पोस्टरों को हटाने के लिए नपा की ओर से अब तक कोई अभियान भी नहीं चलाया गया है। कोई भी कहीं प्रचार सामग्री लगाने में गुरेज नहीं करता है। इस संबंध में चेयरमैन विजय लक्ष्मी ने बताया कि आज तक होर्डिंग को लेकर कोई टेंडर नहीं हुआ है। इसको लेकर पूर्व चेयरमैन ने भी कोई कार्रवाई की गई।