गाजीपुर में कोरोना संक्रमण के चलते लंबे समय से बंद कक्षा-छह से आठवीं तक के विद्यालय मंगलवार से खुल जाएंगे। इसे लेकर स्कूलों में तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। बच्चे भी विद्यालय जाने को लेकर उत्सुक दिखाई दे रहे हैं। पिछले दिनों कक्षा-नौ से बारह तक के विद्यालय खुल गए। इसके बाद शासन की ओर से 23 अगस्त से कक्षा-छह से आठ तक के विद्यालय खोलने का फरमान जारी किया गया लेकिन प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन के चलते 23 अगस्त को अवकाश घोषित कर दिए जाने के कारण कक्षा-छह से आठ तक के विद्यालय अब 24 को खुलेंगे।
इसके बाद पहली सिंतबर से कक्षा-पांच तक के विद्यालय खुल जाएंगे। इसको लेकर अभिभावक तैयारी में जुट गए हैं। कापी किताब की दुकानों पर भीड़ नजर आने लगी है। सभी विद्यालय सरकारी गाइड लाइन के अनुसार ही खोले जाएंगे। अधिकांश विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने अपने स्कूल और कक्षाओं के अलावा परिसर की साफ-सफाई आदि कराने का काम लगभग पूरा कर लिया है। कुछ स्कूलों में सामाजिक दूरी के हिसाब से बच्चों के बैठने के लिए डेस्क एवं बेंच की व्यवस्था भी करा दी गई है।