गाजीपुर/मौधा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे को लेकर बृहस्पतिवार को अधिकारियों और जनप्रतिनधियों ने सैदपुर का दौरा किया। नगर के टाउन नेशनल इंटर कॉलेज परिसर में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ओमप्रकाश सिंह सहित लोक निर्माण विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। करीब एक बजे एमएलसी चंचल सिंह पहुंचे। उन्होंने भी तैयारी के मद्देनजर अधिकारियों से चर्चा की।
आगामी 20 सितंबर को मुख्यमंत्री के सैदपुर आगमन को लेकर जिला प्रशासन सजग हो गया है। गत बुधवार को डीएम और एसपी ने आगमन स्थल का निरीक्षण किया था। बृहस्पतिवार को भी स्थानीय अधिकारियों के अलावा डीएम और एसपी के साथ मौके पर पहुंचे एमएलसी ने आगमन स्थल का जायजा लिया। कुछ ही देर में यह तय कर लिया गया कि मुख्यमंत्री का उड़न खटोला सैदपुर थाने के सामने से गुजर रहे एनएच-31 के ओवरब्रिज के पास उतारा जाएगा। वहां से काफिला औड़िहार तिराहे फिर सैदपुर की ओर घूमकर टाउन नेशनल इंटर कॉलेज परिसर में स्थित आगमन स्थल तक पहुंचेगा। इस दौरान मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि पंकज सिंह चंचल के अलावा एसडीएम विक्रम सिंह, तहसीलदार नीलम उपाध्याय, नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।