जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों की बैठक महुआबाग स्थित कार्यालय में बृहस्पतिवार को हुई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव की अध्यक्षता में हुई बैठक में 23 अगस्त से जिले के विद्यालयों को पठन-पाठन के लिए खोलने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन करते हुए महानिदेशक स्कूल शिक्षा की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप विद्यालयों में व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि विद्यालय खुलने के पूर्व ही विद्यालय परिसर की साफ-सफाई से संबंधित सभी तैयारी कर ली जाए। शिक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए। इसमें किसी स्तर पर लापरवाही अक्षम्य है। इस अवसर पर खंड शिक्षाधिकारी अविनाश राय, सीताराम, महेंद्र प्रताप, प्रीति गोयल, सावन दुबे, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा हरिश्चंद्र यादव, समेकित शिक्षा अनुपम गुप्ता, सामुदायिक सहभागिता अमित राय, डीसी प्रशिक्षण अरुण प्रकाश, प्रदीप सिंह, संजय यादव, नीरज सिंह आदि उपस्थित थे।