मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता
- फोटो : GHAZIPUR
जिले में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति फेज-3 का संचालन करने के लिए बृहस्पतिवार को संबंधित अधिकारियों संग बैठक विकास भवन कार्यालय में हुई। इसमें मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता ने बताया कि जिले में विभिन्न क्षेत्रों की उत्कृष्ट 75 महिलाएं सम्मानित होगी। इसके लिए मिशन शक्ति फेज-3 के तहत 21 अगस्त को जिला मुख्यालय पर वृहद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को प्रोत्साहन देने के लिए मिशन शक्ति फेज-3 के आयोजन की तैयारी की जा रही है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों संग बैठक लेते हुए इस कार्यक्रम में सम्मानित होने वाली 75 महिलाओं के चयन में पारदर्शिता की हिदायत दी। उन्होंने बताया कि सम्मानित करने के लिए चिकित्सा स्वास्थ्य क्षेत्र से महिला चिकित्सक एवं नर्स, महिला सुरक्षा क्षेत्र से महिला पुलिस, पीआरडी एवं होमगार्ड, महिला ग्राम प्रधान एवं सदस्य नगरीय क्षेत्र के निर्वाचित वार्ड सदस्य महिलाएं, बहादुरी-शौर्य में विशेष योगदान करने वाली महिलाएं, स्वरोजगार क्षेत्र में कार्य करने वाली महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्य, शिक्षा क्षेत्र से बेसिक, माध्यमिक, उच्च शिक्षा क्षेत्र की शिक्षिकाएं, आंगनबाड़ी-आशा बहुओं में से महिलाएं तथा अन्य क्षेत्रों में कार्य करने वाली महिलाएं शामिल हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित मानकों के आधार पर महिलाओं का चयन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी बालगोविंद, प्रधानाचार्य महिला पीजी कालेज, डीपीओ दिलीप पांडेय, कपिल देव जिला युवा अधिकारी नेहरू युवा केंद्र आदि अधिकारी उपस्थित थे।