धान की बिक्री के लिए किसानों की ओर से पंजीकरण कराया जा रहा है। इस कार्य की गति धीमी होने पर इसमें तेजी लाने के लिए अब उचित दर विक्रेताओं के जरिए पंजीकरण कराया जाएगा। किसान कोटेदार के माध्यम से भी अब अपना पंजीकरण करा सकेंगे।
जिले में पहली नवंबर से धान की खरीद शुरू होगी। इसकी बिक्री के लिए किसानों के पंजीकरण की व्यवस्था आनलाइन उपलब्ध है। धान की खरीद केवल विभागीय वेबसाइट पर पंजीकृत किसानों से ही की जाएगी। इसलिए क्रय से पहले किसानों का पंजीकरण अनिवार्य है। गत वर्ष के सापेक्ष इस वर्ष भी अभी तक पंजीकरण की गति धीमी है। मंगलवार की सुबह तक जिले के सभी सात तहसील क्षेत्रों के 8059 किसानों की तरफ से अपना पंजीकरण कराया गया था। जखनिया तहसील में काफी कम पंजीकरण है। जानकारी के अनुसार जखनिया में 628, सैदपुर 771, गाजीपुर 921, मुहम्मदाबाद में सबसे ज्यादा 1637, जमानिया 1448, कासिमाबाद 1070 तथा सेवराई तहसील के 1584 किसानों की तरफ से पंजीकरण कराया गया है। अब जबकि खरीद शुरू होने में गिनती के दिन शेष रह गए हैं इस कार्य में तेजी लाने के लिए उचित दर विक्रेता के माध्यम से पंजीकरण कराने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत इच्छुक किसान अपेक्षित अभिलेखों के साथ कोटेदार से अपना पंजीकरण करा सकेंगे। जिले के आठ नगरीय निकायों एवं सोलह विकासखंडों में 1618 उचित दर की दुकानें हैं। अब तक 148 किसानों का कोटेदारों की तरफ से पंजीकरण किया गया है। इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी कुमार निर्मलेंदु ने बताया कि उचित दर विक्रेताओं की ओर से किसानों का पंजीकरण किया जा रहा है। जल्द इसमें तेजी आने की उम्मीद है।