गाजीपुर। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद नगर क्षेत्र में हुए जलभराव को खाली करने के लिए शुक्रवार को देर शाम विभिन्न मुहल्लों में 21 पंप लगा दिए गए। दूसरी ओर लगाने के कुछ देर बाद ही छह पंप ठप हो गए। 15 पंपों से पानी निकाला जा रहा था। शनिवार शाम तक लगभग आधा पानी निकाल दिया गया था। इससे लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की।
गत दिनों हुई भारी बारिश और रेलवे की पुलिया बंद रहने के कारण चंद्रशेखर नगर, इंदिरा नगर, चंदन नगर कॉलोनी समेत कई मुहल्लों में जलभराव हो गया था। आवास विकास, सरस्वती नगर, बिंदवलिया, रौजा आदि मुहल्ले पानी में डूब गए थे। पानी की निकासी न होने के कारण गंदा पानी लोगों के घरों में प्रवेश कर गया था। मुहल्लों और घरों में पानी घुुसने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं थीं। सैकड़ों प्रभावित लोगों की इस समस्या के समाधान को लेकर रेलवे और प्रशासनिक अधिकारी बेपरवाह थे। भुक्तभोगियों ने जब मार्ग जाम, शिकायतें, ज्ञापन आदि देकर दबाव बनाया तो अधिकारियों ने समस्या समाधान का आश्वासन दिया। चार पंप लगाकर पानी निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन इससे खास फर्क नहीं पड़ा। गंदे पानी और दुर्गंध से परेशान प्रभावित मुहल्ले के लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कराया। शुक्रवार शाम को जिलाधिकारी ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों की परेशानी का हाल जाना। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द पानी निकालने का निर्देश दिया। इसके बाद रेलवे, सिंचाई विभाग आदि की मदद से पानी निकालने के लिए 21 पंप लगाए गए। हालांकि इसमें आधा दर्जन पंप काम नहीं कर रहे थे। शनिवार शाम तक लगभग आधा पानी निकाल दिया गया था। लोगों का कहना है कि अभी समस्या का समाधान तो नहीं हुआ, लेकिन पानी निकालने का काम होने से कई दिनों की परेशानी को थोड़ी राहत जरूर मिली है।