ट्रक चालक को कार में डाल ले गए, पुलिस ने कराया मुक्त
टोल प्लाजा पर बैक करते समय स्कार्पियो से टकराया गया था ट्रक, हुआ था विवाद, अपहरण की सूचना पर पुलिस ने की नाकेबंदी
संवाद न्यूज एजेंसी
टूंडला। फिरोजाबाद हाईवे पर टोल प्लाजा के निकट से स्कार्पियो सवार ट्रक चालक को कार में डाल कर ले गए। अपहरण की सूचना पर पुलिस ने नाकेबंदी कर स्कार्पियो काे पकड़ लिया तथा चालक को मुक्त करा लिया। पुलिस ने जब जांच की तो मामला कर अपहरण का नहीं निकला। दरअसल टोल प्लाजा पर बैक करते समय स्कार्पियो से ट्रक टकरा जाने पर विवाद हुआ था।
घटना रविवार दोपहर 12 बजे करीब की है। पुलिस को सूचना मिली कि फिरोजाबाद से टूंडला की ओर आ रहे ट्रक (संख्या एचआर 67 बी 3688) के चालक का स्कार्पियो सवारों ने अपहरण कर लिया है। चालक को गाड़ी में डालकर फिरोजाबाद की ओर ले गए हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल सीमाओं पर नाकेबंदी कर दी। स्कार्पियो उसायनी पहुंची तो राजा का ताल चौकी प्रभारी ने रोक लिया तथा चौकी ले गए। कार से ट्रक चालक धर्मपाल निवासी हरियाणा को उतार लिया। इसके साथ ही स्कार्पियो सवार सात लोग जिनमें तीन बच्चे शामिल थे को भी उतार लिया। पुलिस ने मामले की जांच की तो मामला अपहरण का न होकर ट्रक का स्कार्पियो से टकराने का निकला। जिससे स्कार्पियो का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। दोनों पक्षों को टूंडला थाने लाया गया। जहां समझौते के बाद छोड़ दिया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि मामला गाड़ी से ट्रक टकराने से हुए नुकसान का था, जिसे लोगों ने अपहरण समझ सूचना दे दी थी। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।