नकली नमक के अंदेशे पर दुकानदार को हिरासत में लिया
जसराना। टाटा नमक बनाने वाली कंपनी के प्रतिनिधियों ने जसराना पुलिस के साथ जसराना एवं पाढ़म क्षेत्र के गांव सायपुर कलां में छापा मारा। इस दौरान टाटा कंपनी के नाम पर नकली नमक होने के अंदेशे पर माल को जब्त करने के साथ एक दुकानदार को हिरासत में लिया है।
मंगलवार को टाटा कंपनी के प्रतिनिधि कोतवाली जसराना पहुंचे। प्रतिनिधियों ने जसराना एवं पाढ़म क्षेत्र में कंपनी के नाम से नकली नमक की बिक्री होने की बात कही। पुलिस को साथ लेकर प्रतिनिधियों ने जसराना के घिरोर रोड़ पर छापा मारा। इस दौरान एक दुकानदार के यहां से नमक को बरामद करने के साथ उसे हिरासत में लेकर कोतवाली लेकर आए। कंपनी के प्रतिनिधियों ने कहा कि नकली नमक की बिक्री की सूचना मिल रही थी। उसके बाद कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा अभी कई दुकानदार रडार पर है। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। थाना प्रभारी सचिन कुमार ने कहा तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद