फिरोजाबाद। खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका है तो ग्राहक घर बैठे इसकी शिकायत कर सकते हैं। खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने फूड सेफ्टी कनेक्ट नाम से मोबाइल एप लांच किया है। इस पर उपभोक्ता द्वारा मिलावटखोरी की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इन शिकायतों की निगरानी दिल्ली स्थित प्राधिकरण मुख्यालय से होगी और मामलों का त्वरित निस्तारण व कार्रवाई की जाएगी। साथ ही एप पर उपभोक्ताओं को और भी जानकारी मिल सकेगी। जिले में करीब 500 से ज्यादा लोगों ने इस एप को डाउनलोड कर लिया है।
जिला अभिहित अधिकारी डॉ. सुधीर कुमार ने बताया कि यह एप गूगल प्ले-स्टोर से कोई भी डाउनलोड किया जा सकता है। इसके अंतर्गत पैक्ड फूड और खुले खाद्य पदार्थों की शिकायत दर्ज कराने की अलग-अलग व्यवस्था है। पैकिंग फूड है तो उस उत्पाद की फोटो भी अटैच करने की सुविधा दी गई है। दूसरे चरण में मिल्क बूथ के अलावा मीट, रेस्टोरेंट, किराना व सब्जी की दुकानों की भी शिकायत की जा सकती है। एप के लिंक से दुकानदारों के लाइसेंस व उत्पाद की गुणवत्ता का सत्यापन किया जा सकता है। दुकानदार के लाइसेंस व पंजीयन नंबर की वैधता उपभोक्ता परख सकते हैं।
जिला अभिहित अधिकारी ने बताया कि एप पर उपभोक्ताओं के अधिकारों की विस्तृत जानकारी भी दी गई है। शुद्ध व स्वच्छ खानपान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए भी तमाम उपाय एप पर दिए गए हैं। फूड सेफ्टी कनेक्ट एप पर की जाने वाली शिकायतें विभाग के अधिकृत पोर्टल पर स्वत: आ जाती हैं।