फतेहपुर। शहर के लखनऊ बाईपास क्षेत्र से चार माह पहले चोरी हुआ ट्रक बिहार में दौड़ रहा है। चोर ट्रक में दूसरा नंबर डालकर चला रहे हैं। इसका खुलासा तब हुआ जब बिहार के एक वर्कशाप में सर्विस के बाद मैसेज मालिक के मोबाइल पर आया। सीओ सिटी ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के जेल रोड साईं सिटी निवासी सुशील कुमार सिंह सेवानिवृत्त फौजी हैं। वह 14 चक्का ट्रक के मालिक हैं। उनका ट्रक 24 जून को लखनऊ हाईवे स्थित एक होटल के बाहर खड़ा था। 12 जुलाई को ट्रक को माल लेकर भेजना था। लेकिन जब चालक रमेश कुमार मौके पर पहुंचा तो ट्रक गायब मिला। इसकी जानकारी उसने सुशील कुमार को दी। ट्रक का जीपीआरएस भी काम नहीं कर रहा था।
सुशील कुमार ने बताया कि इसकी जानकारी उन्होंने लखनऊ बाईपास चौकी पुलिस और कोतवाली में दी। लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। पुलिस उल्टे उन्हीं पर मिलीभगत करके ट्रक गायब करने का आरोप लगाने लगी। 11 सितंबर को बिहार के पटना स्थित ट्रक कंपनी के वर्कशॉप से उनके मोबाइल पर मैसेज आया। मैसेज में उनके ट्रक की सर्विस और उसके चार्ज से संबंधित जानकारी थी। मैसेज के जरिए उन्होंने वर्कशॉप में संपर्क किया। जहां पता चला कि ट्रक सर्विस सेंटर में आया था। ट्रक में नंबर बिहार का था। चेचिस नंबर के आधार पर मोबाइल पर मैसेज पहुंचा था। यह जानकर उसके होश उड़ गए। थाना दिवस में शनिवार को सुनील कुमार ने शिकायत की और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। सीओ सिटी संजय कुमार सिंह ने बाईपास चौकी प्रभारी राय साहब यादव को जांच दी है। सीओ ने बताया चौकी इंचार्ज को जांच कर ट्रक बरामद करने के निर्देश दिए गए हैं।