खागा। बिजली का बिल देने वाली कंपनी के कर्मचारियों की मनमानी उपभोक्ताओं को परेशान कर रही है। महीनों तक मीटर रीडर उपभोक्ताओं के घर नहीं पहुंचते हैं। ऐसे में बिजली का बिल बढ़ता चला जाता है। अचानक बिल मिलने से उपभोक्ता भी इस बड़ी रकम को चुकता कर पाने में असहज होता है।
खागा में बिजली बिल मुहैया कराने का ठेका एक निजी कंपनी के पास है। नियमानुसार, हर महीने उपभोक्ताओं को बिजली बिल मुहैया होना चाहिए। मगर, हालात यह है कि कर्मचारी पांच-पांच महीने तक नहीं आते हैं। ऐसे में उपभोक्ता समय से बिजली का बिल भी अदा नहीं कर पाते हैं। कुछ महीने बाद अचानक जब उन्हें बिजली का बिल मिलता है तो उसकी रकम देखकर उपभोक्ता भी परेशान हो जाते हैं। कस्बे के कैनाल रोड, न्यून गढ़ी, नीम टोला, ब्राम्हण टोला, गढ़ी टोला, दर्जिन टोला, गदाई मोहल्ला के बिजली उपभोक्ताओं के पास बिल नहीं आने के कारण वह परेशान हैं। एसडीओ रिंकू कुमार सेठ ने बताया कि उपभोक्ता इसकी शिकायत करें। कंपनी को समय-समय पर मीटर रीडिंग के लिए निर्देश दिए किए जाते हैं। चार कर्मचारी कस्बे में इसके लिए कंपनी की ओर से भेजे जाते हैं।