पत्नी से विवाद के बाद आग लगाकर दी जान
फतेहपुर। गाजीपुर थाना क्षेत्र के बामनतारा गांव में रामबाबू (28) ने मंगलवार की रात केरोसिन डालकर आग लगा ली। परिजनों ने आग बुझाकर गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत नाजुक देखकर डाक्टरों ने कानपुर रेफर किया है। युवक की रास्ते में ही मौत हो गई। तहरीर पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
रामबाबू पुत्र शिवकुमार निषाद बामनतारा गांव निवासी था। वह पिता के साथ कृषि में हाथ बंटाता था। पिता शिवकुमार ने बताया कि परिवार के लोग घर के बाहर रात को सो रहे थे। बेटे और बहू के बीच किसी बात को लेकर रात में मामूली विवाद हो गया। अचानक बेटे की चीख सुनाई दी। वह आग की लपटों में घिरा हुआ घर से बाहर निकला।
परिजनों व आसपास के लोगों ने आग बुझाई। पिता ने बताया कि बेटा कुछ दिन से तनाव में रहता था। एसओ आरके पटेल ने बताया कि युवक की मानसिक हालत ठीक नहीं रहती थी। इसी वजह से केरोसिन डालकर आत्महत्या की है।
- कानपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ा