किशनपुर। महेशपुर मठेठा गांव में शनिवार की रात एक घर में सेंध लगाकर चोर जेवर व नगदी समेत लाखों का सामान उठा ले गए। सुबह घर वालों के जागने पर वारदात की जानकारी हुई। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
महेशपुर मठेठा गांव निवासी जसवंत सिंह मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करते हैं। शनिवार की रात जसवंत खेत पर गया था। पुत्र महेंद्र व उसकी पत्नी पूजा, बहन गायत्री, मां फूलदुलारी घर पर बरामदे में सो रहे थे। रात में किसी समय चोर घर के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुसे। बक्से का ताला तोड़कर नकदी व जेवर उठा ले गए।
घर वालों के सुबह जागने पर कमरे में सामान बिखरका मिला। जसवंत ने पुलिस को सूचना दी। बताया कि रक्षाबंधन में बेटी गायत्री घर आई थी, उसके भी जेवर घर में रखे थे, जिसे चोर उठा ले गए। बताया कि करीब चार तोला सोने के जेवर, दो किग्रा चांदी के जेवर और 40 हजार रुपये नगद चोर ले गए हैं। इंस्पेक्टर किशनपुर शेरसिंह राजपूत ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है।