फतेहपुर। धान खरीद में इस बार छोटे किसानों को वरीयता मिलेगी। 50 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसान हफ्ते में चार दिन और 50 क्विंटल से अधिक वाले किसानों को दो दिन मौका मिलेेगा। जिले में एक नवंबर से 28 फरवरी तक धान की खरीद होगी।
इस बार सरकारी खरीद में सभी किसानों के धान की तौल कराई जा सके। इसके लिए सरकार ने बड़ा बदलाव किया है। लघु, सीमांत किसानों के धान की तौल हफ्ते में दो दिन कराने वाले नियम को बदल कर चार दिन कर दिया है। वहीं बड़े किसानों के धान की तौल हफ्ते में दो दिन कराने के आदेश जारी किए हैं। जिन किसानों का धान 50 क्विंटल तक है, उसकी तौल सोमवार से गुरुवार तक की
जाएगी। जिनका धान 50 क्विंटल से अधिक है, उनकी तौल शुक्रवार और शनिवार को होगी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अवनीश कुमार झा ने बताया कि किसानों के ऑनलाइन टोकन जारी किए जाएंगे। टोकन वाली तारीख में ही धान की तौल कराई जाएगी। जो किसान टोकन जारी होने की तारीख में केंद्र पर धान लेकर नहीं जाएंगे, उनका टोकन उसी तारीख को चार बजे रद्द कर दिया जाएगा। दोबारा टोकन लेने के बाद धान बेचने का नंबर आएगा।
क्रय केंद्र में धान बेचने के लिए पंजीकरण जरूरी है। इसमें किसानों के अलावा परिवार के ही एक सदस्य को नामिनी में रखा जाता है। इस बार नामिनी किसान का भी आधार कार्ड नंबर लिंक किया जाएगा।
केंद्रों पर धान बेचने में आ रही समस्या को हल कराने के लिए इस बार खरीद नियंत्रण प्रकोष्ठ स्थापित किया गया है। इसमें सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक किसान शिकायत दर्ज करा सकते हैं। धान खरीद प्रभारी अधिकारी व एडीएम राजस्व विनय कुमार पाठक ने बताया कि जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय के कनिष्ठ सहायक अरविंद कुुमार के नंबर 8318365582 और कनिष्क सहायक रामदयाल तिवारी के नंबर 8896527628 पर किसान शिकायत दर्ज करा सकेंगे। रविवार और राजकीय अवकाश पर शिकायत दर्ज नहीं की जाएगी।