मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। दो दिन पहले महिला को नशीला पदार्थ मिला समोसा खिलाकर बीस हजार की टप्पेबाजी हो गई। महिला बेहोश हो गई थी। हालत ठीक होने पर पीड़ित ने गांव के युवक के खिलाफ तहरीर दी है।
मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरौली निवासी बीना देवी ने 2 सितंबर को कस्बा के एक ग्राहक सेवा केंद्र से बीस हजार रुपये निकाले थे। रुपये झोले में रखकर लौटते समय गांव का युवक रास्ते में मिला। उसने बीना को घर छोड़ने की बात कही। तो वह युवक के साथ निकल आईं। रोहिल चौराहे के पास युवक ने बीना को समोसा खिलाया। जिसे खाने के बाद वह बेहोश हो गई।
देर तक बीना घर नहीं आने पर पति मंजू सिंह खोजने निकले तो वह रोहिला चौराहे के पास बेहोश मिलीं। होश आने पर बीना को रुपए गायब होने का पता चला तो पति ने युवक के बारे में बताया। बीना ने शनिवार को उक्त युवक के खिलाफ टप्पेबाजी कर रुपए ले जाने की तहरीर दी है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।