लखनऊ में व्याख्यान में प्रदेश में प्रथम स्थान पाने वाली राना हिजाब को सम्मानित करतीं युवा कल्या?
- फोटो : FARRUKHABAD
फर्रुखाबाद। डीएन कालेज फतेहगढ़ की बीए अंतिम वर्ष की छात्रा राना हिजाब ने लखनऊ में आयोजित राज्य युवा महोत्सव में व्याख्यान में पहला स्थान प्राप्त किया है। युवा कल्याण व प्रांतीय रक्षक दल की महानिदेशक डिंपल वर्मा ने उन्हें पुरस्कृत किया।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल महानिदेशालय की ओर से 25 से 27 नवंबर तक लखनऊ में युवा महोत्सव हुआ। इसमें फतेहगढ़ के मोहल्ला भूसामंडी निवासी रोडवेज के सेवानिवृत्त बुकिंग लिपिक मोहम्मद शरीफ की बेटी राना हिजाब को व्याख्यान में पर्ची के माध्यम से कोरोना विषय मिला था।
उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान पीड़ितों के दर्द, परिजनों पर आई मुसीबतें, धरती के भगवान डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा घर/परिवार की चिंता छोड़ मरीजों की गई सेवा व सरकार द्वारा लाकडाउन के कारण घर लौटे प्रवासियों की मदद सहित सभी बिंदुओं पर चार मिनट में तार्किक व्याख्यान दिया। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कंचन सिंह ने बताया कि राना हिजाब अब राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लेने जाएंगी।