फर्रुखाबाद। कायमगंज से तंबाकू व्यापारी पति के साथ बाइक से घर जा रही स्कूल प्रबंधक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े सोने की चेन व कुुंडल लूट लिए। बदमाशों के झपट्टा मारने से प्रबंधक बाइक से गिर गईं। उनका हाथ टूट गया और सिर व चेहरे पर गंभीर चोट आई। उन्हें एक नर्सिंगहोम भर्ती कराया गया है।
शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव किसरौली निवासी जितेंद्र गंगवार तंबाकू व्यापारी हैं। उनकी पत्नी सुषमा गंगवार गांव के ही उच्चतर कन्या माध्यमिक स्कूल की प्रबंधक हैं। बुधवार को जितेंद्र गंगवार पत्नी के साथ कायमंगज में बाजार करने गए थे। बाजार करके दोनों बाइक से दोपहर में गांव लौट रहे थे। जब वह गांव खुड़नाखार के सामने पहुंचे। तभी बाइक सवार दो बदमाश पीछे से आए।
बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने सुषमा के गले की चेन को पकड़कर तेजी से खींचा। इस पर वह चलती बाइक से गिर गईं। महिला के गिरते ही एक बदमाश उनके कान से कुंडल उतार लिया। पति जितेंद्र गंगवार बाइक रोककर पत्नी को उठाने के लिए दौड़े। तब तक दोनों बदमाश फर्रुखाबाद की ओर तेजी से निकल गए। सुषमा गंगवार के बाइक से गिरने पर उनका हाथ टूट गया और सिर व चेहरे पर गंभीर चोट आई। घटना की जानकारी पर पुत्र व परिजन मौके पर पहुंचे और घायल सुषमा गंगवार को लेकर आवास विकास के नर्सिंग होम भर्ती कराया।
यहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। जितेंद्र गंगवार ने बताया कि पत्नी का इलाज कराने के बाद थाने में लूट की सूचना देंगे। एसओ दिग्विजय सिंह ने बताया कि महिला के साथ चेन लूटने की जानकारी नहीं मिली है। खुड़नाखार गांव के बाहर जाकर जांच कर कार्रवाई करेंगे।