गंगा एक्सप्रेसवे जनपद से होकर निकालने की मांग को लेकर सोमवार को विभिन्न संगठनों के लोग कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री व राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त एएसडीएम को सौंपा।
गंगा एक्सप्रेसवे जिले से होकर निकालने की मांग को लेकर अधिवक्ता, चिकित्सक संघ, किसान, वरिष्ठ नागरिक आदि संगठनों के लोग कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अतिरक्ति एसडीएम सुनील यादव को सौंपा। इसमें कहा कि जनपद पौराणिक व ऐतिहासिक धरोहरें समेटे है।
यहां बौद्ध तीर्थ स्थल संकिसा में विदेशी मेहमानों का आवागमन रहता है। शृंगी ऋषि की तप स्थली है। कंपिल में द्रोपदी कुंड होने के अलावा जिले में आलू, वस्त्र छपाई, जरदोजी का बड़े स्तर पर कारोबार होता है। वहीं गंगा की बाढ़ की विभीषिका में जिले के लोग ही तबाह होते हैं। विकास की दृष्टि से जिले को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ना आवश्यक है।
इससे विकास व रोजी-रोजगार के रास्ते खुलेंगे। राजेश पाठक, लक्ष्मण सिंह, राममुरारी शुक्ल, खालिद उस्मानी, यूसुफ पटेल, ब्रह्मदत्त, सतीश शुक्ला, सुरेश चंद्र सक्सेना, प्रदीप गोस्वाती आदि मौजूद रहे।
अखिल भारतीय युवा जन सेवा संगठन की ओर से पंकज प्रकाश, अंकुर श्रीवास्तव, शहनाज खान, रवि कुमार आदि ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त एसडीएम को सौंपा। इसमें जनपद के विकास के लिए गंगा एक्सप्रेस-वे फर्रुखाबाद से जोड़ने की मांग की।