कायमगंज सीएचसी में निरीक्षण के दौरान नाराजगी जताते एसडीएम।
- फोटो : FARRUKHABAD
सीएचसी में एसडीएम अमित आसेरी ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर, बेडशीट व शौचालय में गंदगी मिली। ओटी में धूल जमी थी। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की।
सोमवार को एसडीएम ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने दंत वार्ड, नेत्र परीक्षक आदि के रूम में जाकर समस्याओं के बारे में पूछताछ की। अस्पताल परिसर में गंदगी मिली। शौचालय में नलों की टोटियां टपकती व गंदगी मिली। प्रसूता वार्ड में जाकर देखा, किसी बेड पर चादर मिली तो किसी पर गायब थी।
जो भी चादरें बिछी मिलीं वह भी गंदी थीं। उन्होंने प्रभारी अधीक्षक डॉ. शिवप्रकाश को साफ सुथरी चादरें बिछाने के निर्देश दिए। प्रसूताओं से अवैध वसूली की शिकायत पर प्रसूताओं से पूछताछ की। प्रसूताओं ने अवैध वसूली से इनकार कर दिया, कहा कि कुछ लोग अपनी खुशी से दे देते हैं।
साथ ही प्रसूताओं से समय से खाना व नाश्ते के बारे में पूछा तो सकारात्मक जवाब मिला। इसके बाद ओटी में जाकर देखा तो वहां काफी धूल जमी थी। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए साफ सफाई के निर्देश दिए। इसके अलावा टीकाकरण के बारे में जानकारी की।