कमालगंज। केरल से आए क्षेत्र के गांव निवासी दंपती कोरोना संक्रमित निकले। दंपती सहित 13 लोगों को एल-2 अस्पताल भेजा गया था। दूसरे दिन भी टीम ने गांव पहुंचकर 63 लोगों की कोविड जांच की।
क्षेत्र के देवरान गढ़िया गांव निवासी 25 वर्षीय युवक, पत्नी (23) व बच्चों के साथ केरल में रहकर मजदूरी करता है। दंपती ने केरल से घर वापस आते समय रविवार को आगरा जिले के छावनी में कोविड जांच कराई थी। जांच कराने के बाद दंपती घर पहुंच गए। गुरुवार को दंपती की आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर इसकी सूचना मुख्यालय में अधिकारियों को दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर दोपहर में रैपिड रेस्पॉन्स टीम ने गांव पहुंचकर संक्रमितों से पूछताछ की। संक्रमितों ने टीम को बताया कि उन्हें किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। टीम ने संक्रमितों के परिवार के नौ लोगों को हाई रिस्क व पांच को लो रिस्क कॉन्टैक्ट में चिह्नित किया।
टीम में संक्रमित दंपती व उनके परिवार के 11 लोगों को फतेहगढ़ स्थित एल-2 अस्पताल भेज दिया था। शुक्रवार को सीएचसी से लैब टेक्नीशियन राजीव कटियार की टीम गांव पहुंची। यहां टीम ने संक्रमित के पड़ोसी व गांव के लोगों की कोविड जांच की। एलटी ने बताया कि गांव में 63 लोगों की एंटीजन व आरटी-पीसीआर जांच की गई। एंटीजन रिपोर्ट नेगेटिव आई है।