अमल उजाला ब्यूरो
फर्रुखाबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 372 में से 25 लाभार्थियों के खाते में डेढ़ लाख रुपये की दूसरी किस्त भेज दी गई है। शेष लाभार्थियों को भी जल्द ही दूसरी किस्त जारी कर दी जाएगी। पहली किस्त जारी होने के बाद आवास सत्यापन का कार्य तेजी से चल रहा है।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत जिले की दो नगर पालिकाओं फर्रुखाबाद, कायमगंज और चार नगर पंचायतों शमसाबाद, कमालगंज, कंपिल और मोहम्मदाबाद में 372 लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये भेज दिए गए थे। पहली किस्त के बाद लाभार्थियों ने आवासों का निर्माण कार्य करवाना शुरू कर दिया है। इन लाभार्थियों को दूसरी किस्त भेजे जाने के लिए जिला परियोजना अधिकारी जय विजय सिंह के नेतृत्व में टीमें निर्माण कार्य की जांच कर सत्यापन कर रही हैं। सत्यापन के बाद ही लाभार्थियों के खातों में दूसरी किस्त डेढ़ लाख की भेजी जाएगी।
सूडा के सिविल अभियंता प्रशांत चौहान ने बताया कि करीब एक पखवारा पहले ही 25 लाभार्थियों के खाते में दूसरी किस्त के डेढ़ लाख रुपये भेजे जा चुके हैं। इसमें नगर पालिका के छह, कायमगंज नगर पालिका के आठ और नगर पंचायत कमालगंज के 11 लाभार्थियों को दूसरी किस्त भेजी गई है। अन्य लाभार्थियों की भी जांच चल रही है। उनके खातों में भी जल्द ही दूसरी किस्त भिजवा दी जाएगी।