1-अयोध्या-हनुमानगढ़ी का दर्शन कर बाहर आतीं फिल्म अभिनेत्री भाग्यश्री व अन्य
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। सरयू तट स्थित लक्ष्मण किला मंदिर परिसर में चल रही फिल्मी कलाकारों की रामलीला करोड़ों भक्तों को लुभा रही है। तीन दिनों में 20 करोड़ से अधिक लोग रामलीला मंचन देख चुके हैं। अयोध्या में रामलीला मंचन के लिए पहुंचे बॉलीवुड के प्रख्यात फिल्मी कलाकारों को रामनगरी की धार्मिक आभा आकर्षित कर रही है। प्रख्यात अभिनेत्री भाग्यश्री, राहुल बुच्चर, बिंदु दारा सिंह, राकेश बेदी सहित अन्य कलाकारों ने रामलला के दरबार में दर्शन-पूजन किया और राममंदिर निर्माण देखा तो वे निहाल हो उठे। कहा कि अयोध्या सनातन संस्कृति का प्रधान केंद्र बनने की ओर अग्रसर है।
अयोध्या की रामलीला में माता सीता का किरदार निभा रही भाग्य श्री ने कहा कि भगवान श्रीराम की जन्मस्थली के चरण रज मात्र से ही जन्म-जन्मांतर के पाप कट जाते हैं। यह परम सौभाग्य है कि इस पावन धरती पर मुझे माता सीता का किरदार निभाने का मौका प्राप्त हुआ है। पहले दिन ही माता सीता के किरदार में रामलीला मंचन करने ही जो अपार खुशी मिली है जो शब्दों में बयां नहीं हो सकती। रामलला का दर्शन प्राप्त हुआ, राममंदिर निर्माण कार्य भी देखा यह जीवन की धन्यता है। राम का किरदार निभा रहे राहुल बुच्चर ने अपने परिजनों के साथ रामलला व हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया।
दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि रामलला का दर्शनकर जीवन धन्य हो गया है। अयोध्या की धार्मिकता आकर्षित करती है। राममंदिर निर्माण देखकर मन प्रफुल्लित है, सदियों से संतप्त रहा राम का मंदिर भव्यता के साथ आकार ले रहा है। भक्तों से अपील किया कि वे श्रीराम के आचरण को अपने जीवन में उतारने का प्रयास जरूर करें। हनुमान का किरदार निभा रहे बिंदुदारा सिंह ने रामलला व हनुमानगढ़ी का दर्शन किया।
बिंदुदारा सिंह ने कहा कि अयोध्या को अयोध्याजी कहकर बुलाना चाहिए। इस बड़ी धर्मनगरी पूरे विश्व में कहीं नहीं है। अब तो भव्यतम राममंदिर का भी निर्माण हो रहा है, अस्थायी मंदिर में शान से विराजे रामलला का दर्शन कर आंखें खुशी से भर आईं। कहा कि वह दिन दूर नहीं जब पूरी दुनिया अयोध्या की ओर आकर्षित होगी। फिल्म अभिनेता राकेश बेदी व कैप्टन राज माथुर रामलला सहित हनुमानगढ़ी का दर्शन-पूजन कर निहाल नजर आ रहे थे, कहा कि अयोध्या की धरती पर रामलीला मंचन करना परम सौभाग्य का विषय है।