ताखा। निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को जुड़ने में अभी लगभग एक माह का समय लग सकता है।
दोनों एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाली रैंप तो बनकर तैयार है, लेकिन अभी दो पुलों का काम लगभग 50 फीसदी ही पूरा हो सका है, जिसके चलते अभी दोनों एक्सप्रेसवे को जोड़ने में समय लग सकता है।
ताखा क्षेत्र के कुदरैल गांव से चित्रकूट के भरतकूप तक 296 किमी लंबा निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे ताखा क्षेत्र गुजरने वाले आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 133 कुदरैल के पास जोड़ा जाएगा।
दोनों हाईवे को जोड़ने वाली रैंप का निर्माण पूरा कर लिया गया है। इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। जिसके लिए कार्यदायी संस्था दिलीप बिल्डिकान कंपनी तेजी से काम करवा रही है।
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 280 और 286 पर पुलों का लगभग 50 फीसदी काम ही पूरा हो पाया है। इस वजह से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को नहीं जोड़ा गया है।
वनवे रैंप का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। मैटल बीम को भी लगाया जा रहा है। ओवरब्रिज कर काम चल रहा है, जिसे जोड़ने के लिए काफी समय लग सकता है।
निर्माणाधीन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के इंचार्ज सुजीत राय ने बताया कि वनवे रैप जोड़ने के लिए तैयार कर ली गई है, अभी जोड़ा नहीं गया है। अभी बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के चैनल नंबर 280 और 286 पर पुलों का काम चल रहा है।
बताया कि पुलों का निर्माण पूरा होने के बाद 15 फरवरी तक आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से जोड़ दिया जाएगा।