इटावा/महेवा। कोविड टीकाकरण को गति प्रदान करने के लिए हर घर दस्तक अभियान 10 नवंबर से चल रहा, जो 30 नवंबर तक चलेगा। यह अभियान टीकाकरण में सहायक साबित हो रहा है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. श्रीनिवास ने बताया कि जिले के सभी ब्लॉक में टीकाकरण करवाने के लिए रैपिड रेस्पांस टीम काम कर रही हैं। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में टीमें लोगों को घर-घर जाकर समझा रहीं कि टीकाकरण क्यों जरूरी है।
बताया कि कालेज के प्रधानाचार्य व महाविद्यालयों के प्राचार्य से बात कर इच्छुक स्कूलों में भी टीकाकरण करवाने पर विचार किया जा रहा है। हर घर दस्तक अभियान के तहत बुजुर्ग, दिव्यांगों के टीकाकरण के लिए भी व्यवस्था की जाएगी।
वैक्सीनेशन प्रभारी प्रवेश मिश्रा ने बताया कि जिले में 9,00,183 लोग वैक्सीनेशन की पहली डोज व 3,88,060 लोग दूसरी डोज का टीका लगवा चुके हैं। जनपद में अब तक 12,88,243 लोग कोविड टीकाकरण करवा चुके हैं।
महेवा सीएचसी के अधीक्षक डॉ. गौरव त्रिपाठी ने बताया कि महेवा ब्लाक के सभी गांव के प्रधानों के साथ समन्वय स्थापित कर टीकाकरण केंद्र बनाए जा रहे, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों का टीकाकरण कराया जा सके।
साथ ही जिन गांवों में कुछ लोग टीकाकरण करवाने से वंचित रह गए हैं, उनके लिए रैपिड रेस्पांस टीम गांव जाकर टीकाकरण करवा रही हैं।
बताया कि महेवा ब्लाक के भवानीपुर, गुलजार नगर, हिंगोटिया गांव में पहली डोज करीब 95 प्रतिशत लोगों ने लगवा ली है। दूसरी डोज भी समयानुसार लगवा रहे हैं।