इटावा। भरथना क्षेत्र के कंधेशी पचार गांव में एकतरफा प्रेम में युवक ने युवती के घर में घुसकर फायर कर दिया। गोली पास से निकलने पर युवती की जान तो बच गई, लेकिन वह जख्मी हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
बताया गया कि आरोपी युवती पर शादी करने का दबाव बना रहा था, लेकिन युवती राजी नहीं थी। इसी बात से आरोपी नाराज था। परिजनों व आसपास के लोगों ने आरोपी को तमंचे के साथ पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पीड़ित युवती के पिता ने थाने में तहरीर दी है।
कंधेशी पचार गांव निवासी एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर बताया कि सोमवार को बेटी घर पर अकेली थी। उसी दौरान औरैया के थाना अयाना के महारतपुर गांव निवासी अश्विनी शर्मा तमंचा लेकर घर में घुसा और बेटी को एक कमरे में बंद कर उस पर शादी करने का दबाव बनाने लगा।
बेटी के मना करने पर अश्विनी आपा खो बैठा। उसने बेटी पर फायर कर दिया। इससे उसके दाहिने कंधे पर चोट आई। गोली की आवाज सुनकर युवती के परिजन व आसपास के लोगों वहां पहुंचे और आरोपी को तमंचे के साथ दबोच लिया। ग्रामीणों ने आरोपी के साथ मारपीट की। इससे सिर पर चोट आई है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को तमंचा व कारतूस के साथ हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी कृष्ण लाल पटेल ने बताया कि पिता की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।