एटा। बृहस्पतिवार को अलग-अलग हुए सड़क हादसों में एक ट्रक चालक सहित दो की मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। एक को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है। पिलुआ थाने के पास सुबह करीब पांच बजे दो ट्रकों की भिड़ंत में चालक सत्यपाल (45) पुत्र कांता प्रसाद निवासी मनौरा थाना निधौली कलां की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि सत्यपाल कालपी से ट्रक में चंबल लेकर सिकंदराराऊ जा रहा था। हाईवे स्थित पिलुआ थाने के पास ट्रक का टायर फट गया और अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसे में सत्यपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। इसको जिला अस्पताल लाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने आगरा रेफर कर दिया, रास्ते में मौत हो गई।
थाना सकीट क्षेत्र के गांव नगला टिकुरिया के पास बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में लालाराम (60) पुत्र सोनपाल निवासी नगला सैमरा थाना सकीट की मौत हो गई। जबकि उसका भतीजा अनिल उर्फ मनोज और मनोज का साला हरपाल निवासी सदरपुर सरैया थाना सकीट घायल हो गए। वहीं दूसरी बाइक सवार चंद्रपाल निवासी सबलपुर थाना सकीट भी घायल हुआ है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से मनोज की हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा है।
बाइक सवार को 50 मीटर तक घसीट ले गई बस
एटा। थाना सकीट क्षेत्र के गांव रेवाड़ी के पास बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे प्राइवेट बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। बाइक सवार अर्जुन कुमार निवासी मोहल्ला उरहना बस में बाइक सहित फंस गया। चालक ने बस को नहीं रोका और करीब 50 मीटर तक घसीट कर ले गया। आसपास के लोगों ने चीख-पुकार मचाई तब बस रुकी और युवक को गंभीर हालत में निकाला गया। घायल को जिला अस्पताल से आगरा रेफर किया गया है। संवाद