एटा। सरकार के निर्देश पर माध्यमिक विद्यालय और महाविद्यालय मंगलवार से खोले जाएंगे। कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए स्कूल-कॉलेज संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों को मास्क अनिवार्य किया गया है जबकि हर विद्यालय में हेल्प डेस्क होगी। इससे पहले 900 शिक्षकों की ड्यूटी चुनाव में लगाई जा चुकी है। जिससे शिक्षण कार्य में अड़चन आ सकती है। सहायता प्राप्त विद्यालयों के 750 और राजकीय विद्यालयों के 150 शिक्षक-शिक्षिकाओं की चुनाव में ड्यूटी लगी है।
जारी किए गए निर्देशों के तहत विद्यालयों के खुलने के साथ ही प्रबंधक और प्रधानाचार्यों को कोविड गाइडलाइन का पालन कराना होगा। विद्यालय में आने वाले प्रत्येक छात्र-छात्रा को मास्क लगाना होगा। बिना मास्क वालों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। साथ ही विद्यालय प्रबंधक और प्रधानाचार्यों को मुख्य गेट पर कोरोना हेल्प डेस्क बनानी होगी। इसके अलावा विद्यालय में शिक्षण कार्य शुरू होने से पहले सैनिटाइजेशन कराना होगा। सिटिंग प्लान सामाजिक दूरी के साथ किया जाएगा। शिक्षा विभाग के अधिकारी निरीक्षण कर कोविड नियमों के पालन की स्थिति परखेंगे। यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो कार्रवाई की जाएगी।
अभिभावकों की राय पर रात में ही आ गया आदेश
माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों के अभिभावकों से शनिवार को शासन ने राय मांगी थी। देरशाम तक 90 फीसदी लोगों की राय विद्यालय खोलने की पहुंची तो विद्यालय खोलने का आदेश रात में ही जारी कर दिया गया।