उत्तर प्रदेश के एटा में शनिवार को स्कूल से लौट रही छात्राओं के तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्रा की मौत हो गई जबकी दूसरी की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। मौजूद लोगों से बात करके घटना की जानकारी ली।
विज्ञापन
हादसा जलेसर कोतवाली क्षेत्र के बायपास मार्ग पर वर्मा हॉस्पिटल के सामने हुआ। यहां रेलवे स्टेशन रोड के सामने स्थित स्कूल में पढ़ाई करने वाली दो छात्राएं संजना (10), शिवानी (12) छुट्टी होने के बाद साइकिल से घर सालवाहनपुर गांव लौट रहीं थीं। वर्मा हॉस्पिटल के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल में टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों बहनें उछलकर दूर सड़क पर जा गिरीं। वह बुरी तरह से घायल हो गईं। लोगों ने देखा तो भागकर पहुंचे। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों अस्पताल पहुंचाया। यहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने आगरा के लिए रेफर कर दिया।
यहां से परिजन दोनों को लेकर आगरा पहुंचे। आगरा में संजना ने दम तोड़ दिया। जबकि शिवानी की हालत नाजुक बनी हुई है। खबर मिलते ही घर में चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर गांव के लोग भी आ गए। ग्रामीण परेशान परिजन को ढांढस बंधाते रहे। कोतवाल जगदीशचंद्र ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।