धूप बत्ती की फैक्टरी में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
एटा के जलेसर में धूप बत्ती की फैक्टरी में रात के समय आग लग गई। लोगों की नजर जब फैक्टरी से उठती आग की लपटों पर पड़ी तो मालिक को सूचना दी गई। सूचना पर फैक्टरी मालिक के साथ दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं। दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
नगर के समसपुर रोड स्थित पूजा धूप की फैक्टरी में शुक्रवार रात आग लग गई। फैक्टरी से धुआं उठता देख गांव जा रहे व्यक्ति ने फैक्टरी मालिक को फोन पर सूचना दी। इसके बाद फैक्टरी मालिक ने कर्मचारियों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। सुबह के समय दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल विभाग की टीम भी करीब तीन घंटे में आग पर काबू पा सकी। फैक्टरी में करीब 50 लाख का कच्चा माल जलकर राख हो गया।
नगर के मोहल्ला मोलवियान निवासी मोहम्मद आसिम की समसपुर रोड पर पूजा धूप की फैक्टरी है। इसमें शुक्रवार रात करीब 12 बजे आग लग गई। आसिम ने बताया कि रात में गांव के लोगों ने फोन आग लगने की सूचना दी। कर्मचारियों के साथ रात करीब एक बजे से आग बुझाने की काफी कोशिश की। सुबह चार बजे कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दमकल टीम को को खबर की। करीब एक घंटे बाद फैक्टरी पहुंची दमकल टीम ने ऑपरेशन शुरू कर दिया। तीन घंटे चले आपरेशन के बाद सुबह करीब 8 बजे आग पर काबू पाया जा सका। फैक्टरी मालिक ने बताया कि धूपबत्ती, अगरबत्ती का राॅ मेटेरियल तैयार किया जाता है। आग से करीब 50 लाख का नुकसान हुआ है। आग कैसे लगी इसका कुछ पता नहीं लग सका है।