एटा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं की नियुक्तियों पर सवाल उठते रहे हैं। एक सहायिका की फर्जी नियुक्ति की शिकायत होने के दो साल बाद भी जांच अधूरी है। ब्लॉक निधौली कलां क्षेत्र के गांव नगला दुर्जन पर आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर नीरज कुमारी की नियुक्ति हुई थी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता धनदेवी ने फर्जी नियुक्ति का आरोप लगाकर आपत्ति दर्ज कराई। आठवीं कक्षा की लगाई गई अंकतालिका को फर्जी बताया।
धनदेवी का आरोप है कि जिस विद्यालय की मार्कशीट लगाई गई है, उसके बारे में आईटीआई के तहत जानकारी मांगी गई तो संबंधित खंड शिक्षाधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि बताया गया कोई विद्यालय संचालित नहीं है। जिसके चलते मार्कशीट की जांच संभव नहीं है। धनदेवी का यह भी आरोप है कि कई दस्तावेज जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय को मुहैया कराए। इसके बावजूद जांच अब तक पूरी नहीं हो सकी है। जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। संबंधित विभागों की जांच आख्या मांगी गईं हैं। रिपोर्ट न मिलने की वजह से जांच पूरी नहीं हो पा रही है।