युवती से सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपित गिरफ्तार
रामपुर कारखाना (देवरिया)। सोसाइटी में नौकरी करने वाली युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दो आरोपितों को पुलिस ने शनिवार को बैतालपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया है। युवती का आरोप है कि दोनों ने मिलकर सोसाइटी बनाई थी। उसमें उसे नौकरी पर रखकर सात महीने तक काम कराया गया। वेतन मांगने पर धोखे से बुलाकर दोनों आरोपितों ने दुष्कर्म किया।
इस मामले में 17 फरवरी को कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपितों पर सामूहिक दुष्कर्म, एससी-एसटी एसटी, साजिश, धोखाधड़ीख् गबन, मारपीट समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया था। तब से आरोपी फरार थे।
कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र के नरायनपुर निवासी अभिषेक राव और मंगलपुर उर्फ मंगरुआ निवासी मनोहर कुमार गौतम ने सोसाइटी बनाई थी। इसमें रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र की युवती को नौकरी दी थी। आरोप है कि युवती से सात महीने तक काम कराया गया। युवती ने अपने रिश्तेदारों और अन्य लोगों से लाखों रुपये सोसाइटी में निवेश कराया। जब भुगतान का समय आया तो आरोपित मुकरने लगे। दो अगस्त 2021 को आरोपितों ने वेतन देने के लिए युवती को देवरिया कार्यालय में बुलाया।
आरोप है कि दोनों ने उससे दुष्कर्म किया और जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गालियां दीं, मारपीट की और वेतन भी हड़प लिया। इस मामले में न्यायालय के आदेश पर रामपुर कारखाना पुलिस ने अभिषेक और मनोहर पर मुकदमा दर्ज किया। शनिवार को सीओ सदर श्रीयश त्रिपाठी को सूचना मिली कि दोनों आरोपित किसी काम से बैतालपुर आए हैं। इस पर सीओ, एसओ अनिल कुमार और एसओजी प्रभारी अनिल कुमार यादव और दरोगा गोपाल राजभर मौके पर पहुंचे और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।