बाइक मैकेनिक की हत्या के मामले में पुलिस की गिरफ्त में दो आरोपित
रुद्रपुर। बाइक मैकेनिक की हत्या की गुत्थी सुलझने के करीब है। हत्या में प्रयुक्त असलहा सहित दो हत्यारोपितों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। उनमें से एक हत्यारोपित मदनपुर थाने का बदमाश बताया जा रहा है। बताया जाता है कि उसने अपने एक रिश्तेदार के लिए गोली चलाई। पुलिस बृहस्पतिवार को मामले का पर्दाफाश कर सकती है।
डाला गांव के रहने वाले बाइक मैकेनिक दिनेश प्रसाद की 21 तारीख की रात करीब 10 बजे घर जाते समय रास्ते में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तहकीकात कर रही है। मामले का पर्दाफाश करने के लिए एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र ने सीओ जिलाजीत के नेतृत्व में कोतवाली और एसओजी को लगाया है। हत्यारोपित की तलाश में तीन दिनों से जुटी तीन टीमों को कामयाबी लगभग मिल गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हत्या में प्रयुक्त असलहे को बरामद कर लिया गया है। दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बृहस्पतिवार को मामले का पर्दाफाश हो सकता है। मैकेनिक की हत्या के बाद उसके परिवार वालों ने पट्टीदारों पर आशंका जताई थी, जो जांच में निराधार साबित हो रही है। पुलिस की जांच में मैकेनिक की हत्या में उसके साथ काम करने वाले उसी के गांव के एक मैकेनिक का हाथ बताया जा रहा है। दोनों के बीच गाली-गलौज की वजह से विवाद था। वह उससे खार खाया था। बताया जाता है कि उसने बदला लेने के लिए मदनपुर क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले अपने रिश्तेदार से मदद ली। इस बाबत एसएचओ विजय सिंह कहा कि अभी जांच चल रही है। जल्द ही हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।