आजादी के अमृत महोत्सव पर हुईं प्रतियोगिताएं, प्रतिभागी पुरस्कृत
बरहज। नगरपालिका परिसर में आजादी के अमृत महोत्सव पर विविध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। उसमें आधा दर्जन से अधिक स्कूलों के छात्रों ने प्रतिभाग किया था। परिणाम घोषित कर मेधावी छात्रों को मुख्य अतिथि एडीएम प्रशासन और नगर निकाय प्रभारी कुंवर पंकज सिंह ने सम्मानित किया।
वृहस्पतिवार को सर्वप्रथम मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती चित्र पर दीप प्रज्जवलन कर पुष्प अर्पित किया। महिमा, शिवानी, गौरी, अंकिता ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। निर्णायक मंडल की ओर से अधिकारियों के समक्ष प्रतिभागियों के परिणाम घोषित किए गए। निबंध प्रतियोगिता में शालू साहनी, दीपाली शर्मा, सुयश प्रताप सिंह, जबकि पेंटिंग में आयुष्वी मौर्या, सुयश प्रताप सिंह और महिला चौरसिया प्रथम, द्वितीय व तृतीय रहे। मुख्य अतिथि ने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों में देश प्रेम का जज्बा पैदा होता है। इस दौरान एसडीएम न्यायिक सुनील कुमार सिंह, आनंद सिंह, मनोज गुप्त, जोखन बाबू, अनूप साहा, सरवन, महेश यादव, अजय कुमार सिंह, अन्नूू सिंह, रतनवीर आदि उपस्थित रहे।
अमृत महोत्सव पर शहीद गंगा सागर को किया नमन
सलेमपुर। तहसील क्षेत्र के श्रीनगर गांव में शहीद गंगा सागर यादव की याद में बृहस्पतिवार को अमृत महोत्सव का आयोजन किया। गंगा सागर यादव 16 अगस्त 2003 को जम्मू कश्मीर के रजौरी जिले के नवशेरा सेक्टर में शहीद हो गए थे। उन्होंने 6 घुसपैठियों को 1995 में मार गिराया था। उनकी बहादुरी के लिए भारत सरकार ने मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर 14 मई 2002 को सम्मानित किया था।
वर्ष 2003 में पूर्व सांसद हरिकेवल प्रसाद उनके गांव स्थापित प्रतिमा का अनावरण किया था। अमृत महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन गांव के प्राथमिक विद्यालय पर किया गया। विधायक काली प्रसाद, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट गुंजन द्विवेदी, तहसीलदार रामाश्रय, शहीद के परिजनों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उसके बाद राष्ट्रगान गाया गया। विधायक काली प्रसाद ने कहा कि गंगा सागर यादव देश की रक्षा के लिए शहीद हुए। उनसे हमे प्रेरणा लेने की जरूरत है। मैं शहीद की जन्मभूमि को प्रणाम करता हूं। इस मिट्टी ने ऐसे सपूत को पैदा किया जिसने देश की रक्षा के लिए अपना बलिदान दिया। इस दौरान शहीद की पत्नी सुमित्रा देवी, बेटे सुनील यादव को सम्मानित किया गया। इस मौके पर भागलपुर की बीडीओ मीना सिंह, ग्राम प्रधान लालमती देवी, बृजेश कुमार गोंड़, लेखपाल प्रमोद कुमार, ग्राम पंचायत अधिकारी अश्वनी मल्ल, विद्यालय के शिक्षक व गांव के लोग मौजूद रहे।