पोलिंग पार्टियों के लिए 568 भारी वाहन चिह्नित
देवरिया। पोलिंग पार्टियों को मतदान बूथों तक भारी वाहनों से ले जाया जाएगा। इसके लिए 568 भारी वाहनों को चिह्नित किया जा चुका है। शेष 600 छोटे वाहन लगेंगे। करीब 1200 वाहनों को इसमें लगाया जाएगा, भारी वाहनों में 24 को रिजर्व में भी रखा जाएगा। इसके लिए संबंधित वाहन स्वामियों को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है।
जिले की सातों विधानसभा सीटों पर तीन मार्च को मतदान होगा। मतदेय स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने का कार्य भी अंतिम दौर में है। वहीं पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था करने में सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय के अधिकारियों को खूब माथापच्ची करनी पड़ रही है। हालांकि जिले के व्यवसायिक वाहन स्वामियों को पहले ही नोटिस जारी कर वाहनों को चुनाव कार्य में ड्यूटी के लिए दुरुस्त रखने का निर्देेश पहले ही जारी किया जा चुका था। भारी वाहनों को जुटाने में कर्मचारियों को खूब मेहनत करनी पड़ रही है। एआरटीओ राजीव चतुर्वेदी ने बुधवार को बताया कि वाहनों का इंतजाम किया जा रहा है। कुल 568 भारी वाहन, जिसमें केवल बस रहेंगे, इसमें 24 को रिजर्व में रखा जाएगा। छोटे वाहन लगभग 600 होंगे, जो पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के भ्रमण के लिए उपलब्ध रहेंगे। 28 फरवरी को ही वाहन निर्धारित स्थानों पर मंगा लिए गए हैं। एक मार्च को मिलने वाले वाहनों को कुल तीन दिनों का नया निर्धारित भाड़ा दिया जाएगा। जो वाहन एक दिन पहले आ जाएंगे और सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ भ्रमण में रहेंगे, उन्हें चार दिनों का किराया दिया जाएगा। बिना वाजिब कारण के वाहन देने में अगर किसी ने आनाकानी की तो ऐसे वाहन स्वामियों के खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा।