बरहज में पांच घंटे गुल रही बिजली
बरहज। नगर में दिन में 11 बजे से शाम चार बजे तक बिजली गुल रही। जिससे लोगों की सांसत बढ़ गई है। हालांकि मंगलवार की रात से बिजली के लुकाछिपी खेल से लोगों में आक्रोश है।
तहसील परिसर में बने विद्युत उपखंड कार्यालय से नगर को आपूर्ति दी जाती है। बुधवार को दिन में 11 बजे बिजली गुल हो गई। जो शाम चार बजे तक गायब रही। विद्युत कटौती के कारण इलेक्ट्रानिक्स उपकरण बैठ गए। नगर के जगदीश जायसवाल, बिरजानंद, पवन कसेरा, रामलखन आदि का कहना है कि मंगलवार की रात 10 बजे से बिजली की आंखमिचौली से लोग हलकान हैँ। बिजली गुल होने के कारण खराब मौसम में दिन तो दूर रात पहाड़ हो जा रही है। रात में बिजली कटने से विषैले कीड़ों आदि का डर बना हुआ है। विद्युत कटौती से नगर की करीब 40 हजार जनता की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस संबंध में एसडीओ गनेश मिश्र ने बताया कि खराब मौसम और तकनीकी खराबी के कारण बिजली कट गई थी। जिसे शाम को बहाल करा दिया गया है।