शिवरामपुर (चित्रकूट)। चौकी क्षेत्र के लैना बाबा मार्ग किनारे मिठाई व दूध की दुकान के संचालक का शव दुकान के अंदर मिला। दुकान में बाहर से ताला बंद होने के कारण आशंका जताई जा रही है कि दुकानदार की हत्या कर आरोपी दुकान बंद कर भाग निकले। पुलिस के अनुसार युवक के मुंह से झाग निकल रहा था जिससे शक है कि जहरीला पदार्थ खाने से उसकी मौत हुई है। मृतक प्रयागराज जिले का निवासी था जो लगभग दस साल से शिवरामपुर में रहकर दुकान चलाता था।
रविवार की सुबह शिवरामपुर कस्बे में संचालित केके मिष्ठान व दूध भंडार की दुकान नहीं खुली। कई ग्राहक लौटे और फिर शाम तक दुकान का ताला न खुलने पर स्थानीय लोगों को शक हुआ। पुलिस को सूचना देकर बताया कि दुकानदार अंदर के ही हिस्से में रहता है। शनिवार को मिला था लेकिन कहीं जाने को नहीं कहा था। ऐसे में किसी अनहोनी के शक पर पुलिस की मौजूदगी में दुकान का ताला तोडा गया। अंदर दुकानदार करन पटेल निवासी प्रयागराज का शव मिलने पर हडकंप मच गया। कई तरह के कयास लगाये जाने लगे। कुछ लोगों ने बताया कि दुकान व घर एक होने पर अक्सर दुकानदार अपने कर्मचारी या दोस्त को दुकान को बाहर से बंद कर जाने को कह देता था फिर अगले दिन सुबह आकर दुकान खोलने को कहता था। खुद अंदर के ही हिस्से में सोता व रहता था। चौकी प्रभारी अजय जायसवाल ने बताया कि फिलहाल जहरीला पदार्थ खाने से मौत हुई है। हत्या या आत्महत्या की पुष्टि नहीं है। पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है।