चित्रकूट। मकान बिकाऊ है का पर्चा चस्पा कर गांव से पलायन करने के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में लिया है। विवाद की जांच के लिए सदर एसडीएम व सीओ सिटी के नेतृत्व में टीम बनाई गई है।
खोही गांव का परिवार रविवार घर पर मकान बिकाऊ है का पर्चा लगाकर डीएम ने मिलने गया था। डीएम नहीं मिले तो गांव छोड़कर रिश्तेदार के घर चला गया था। इस मामले की जानकारी एसपी तक पहुंची। सोमवार को कोतवाल राजीव कुमार सिंह फोर्स के साथ गांव पहुंचे और दोनों पक्ष के लोगों से जानकारी ली। एक पक्ष के बद्री अवस्थी व चुन्नू अवस्थी को पुलिस कोतवाली ले गई। दो लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस रिश्तेदारी से पलायन करने वाले कमलेश पटेल, वासुदेव व कामता प्रसाद को कोतवाली ले गई। दोनों पक्षों पर शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई की गई है।
एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि भूमि का मुकदमा चल रहा है। दोनों पक्षों को अदालत का फैसला मानना होगा। एसपी ने कहा कि बवाल की आशंका पर दोनों पक्षों पर कार्रवाई की गई है। उधर सपा जिलाध्यक्ष अनुज यादव ने पीड़ित पक्ष पर कार्रवाई पर नाराजगी जताई है।