चित्रकूट। कभी डकैतों के लिए कुख्यात बीहड़ में सेहरिन के पास यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर उतारने की तैयारियां चल रही हैं। जानकारी के अनुसार, सीएम इस क्षेत्र में लगभग एक घंटे रहेंगे। हालांकि अब डकैतों का खात्मा होने के बाद क्षेत्र में शांति है। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आला अफसर अलर्ट हैं। रविवार को अवकाश के बावजूद प्रमुख सरकारी कार्यालय खुले रहे और अधिकारी कर्मचारी कागजी आंकड़ों को दुरुस्त करते रहे। डीएम, एसपी, सीडीओ व डीएफओ समेत मुख्य वन संरक्षक दो बार कार्यक्रम स्थल पहुंचे। वाटर प्रूफ टेंट से लेकर सुरक्षा और हेलीपैड के निर्माण की जानकारी ली।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का चित्रकूट के बहिलपुरवा क्षेत्र के सेहरिन वन क्षेत्र में पांच जुलाई को आगमन है। यहीं से प्रदेश के वन महोत्सव की शुुरुआत सीएम पौधरोपण कर करेंगे। पहले डकैतों का क्षेत्र होने के कारण खुफिया एजेंसी खासा अलर्ट है। लखनऊ की विशेष टीम ने चित्रकूट मुख्यालय समेत कार्यक्रम स्थल के पास डेरा डाल रखा है। अधिकृत कार्यक्रम तो नहीं आया है लेकिन सूत्रों के अनुसार सीएम मंगलवार को सुबह दस से 12 बजे तक के बीच में ही यहां रहेंगे। ऐसे में अनुमान है कि वह सुबह 11 बजे आएंगे और 12 बजे उरई के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे।
डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल, एसपी अतुल शर्मा, सीडीओ अमित आसेरी, मुख्य वन संरक्षक पीपी सिंह, मुख्य वन संरक्षक केके सिंह, अपर मुख्य वन संरक्षक संजय श्रीवास्तव, डीएफओ आरके दीक्षित, एसडीओ ऊषा व रेंजर नफीस खां ने रविवार को दो बार कार्यक्रम स्थल पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया। रविवार का अवकाश के बाद भी अधिकारियों के वाहन कार्यक्रम स्थल की ओर दौड़ते रहे। सभी का ध्यान हेलीपैड से लेकर मुख्य मंच के निर्माण की ओर रहा। अधिकारियों ने हेलीपैड में और यहां से मंच तक के मार्ग पर अपने वाहन चलाकर स्थिति का जायजा लिया।
-------------------
दो मंच व विशाल पंडाल में दस हजार का टारगेट
सीएम के कार्यक्रम में एक मुख्य मंच के साथ ही दूसरा मंच भी बनाया गया है। मुख्य मंच में जनप्रतिनिधि और दूसरे मंच में प्रमुख पदाधिकारी रहेंगे। वाटर प्रूफ टेंट में दस हजार लोगों के बैठने का इंतजाम किया गया है। भाजपाई गांव गांव जाकर लोगों को पांच जुलाई को सेहरिन पहुंचने की अपील कर रहे हैं।
----------------
सीएम बांटेगे लाभार्थियों को स्वीकृत पत्र, लगेगी प्रदर्शनी
कार्यक्रम में सीएम आवास और शौचालय के लाभार्थियों को स्वीकृत पत्र का वितरण करेंगे। इसकी सूची बन रही है। इसके साथ ही विकास कार्यों की प्रदर्शनी लगेगी।
आ गए हरीशंकरी पौधे
वन विभाग ने सीएम की ओर से रोपे जाने वाले पौधों को मंगवा लिया है। सीएम हरीशंकरी पौधे रोपेंगे। इसके लिए 25 पौधे वन विभाग में अलग से रख दिए गए हैं।